गरियाबंद पुलिस ने हीरा पत्थर बेचने की तलाश में घूम रहे तीन तस्करों को किया गिरफ्तार
रायपुर। गरियाबंद पुलिस ने अवैध हीरा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत के 9 नग हीरे पत्थर बरामद किए गए हैं। आरोपी ग्राहक तलाश कर इसकी बिक्री की फिराक में थे।
मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीकासार जाने वाले रास्ते के पास कुछ लोग अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मैनपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी कर रेड की।
पुलिस ने मौके से एक महिला और दो पुरुषों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 9 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद हुए, जिन्हें हीरा बताया जा रहा है। जब्त हीरों की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में भानुमति यादव, कुशल नेताम और अर्जुन पांडे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हीरे कहां से लाए थे और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।