देश-विदेश

NEET UG 2026: अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET की परीक्षा, नहीं मिलेगी OMR शीट

डेस्क। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा रद होने के बाद परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 21 जून 2026 को आयोजित होगी। इसके लिए 14 जून को एडमिट कार्ड जारी हो जाएंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए NTA ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी जानकारी के लिए केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पेपर लीक के इस प्रकरण को देखते हुए अगले साल से NEET की परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड और ऑनलाइन होगी। ओएमआर शीट की जगह छात्रों को कंप्यूटर के सामने बैठाया जाएगा जिससे पारदर्शिता रहे। उन्होंने कहा कि इससे पहले 3 मई को परीक्षा हुई थी और 7 मई तक एनटीए के कंपलेंट सिस्टम में कुछ चिंताएं उठाई गईं और आंतरिक जांच भी हुई।  फिर मामला संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया, जिसमें कई राज्य शामिल थे। इस केस में 12 मई तक स्थिति स्पष्ट हो गई थी।  हमें 12 मई तक पता चला कि शिक्षा माफियाओं के माध्यम से गेस पेपर जारी हुए थे जो परीक्षा में आए पेपर से मेल खा रहे थे।

उन्होंने कहा- राधाकृष्ण समिति की सिफारिशों का पालन करने के बावजूद यह उल्लंघन कैसे हुआ? ऐसे में सरकारी मशीनरी यह सुनिश्चित करेगी कि इस बार कोई अनियमितता न हो। हम किसी भी माफिया को पैसों के बल पर आपकी सीट छीनने नहीं देंगे। मंत्री के रूप में, अभिभावक के रूप में, अधिकारी के रूप में - हमें यह कठिन निर्णय लेना पड़ा. हमें सुधारों के लिए कई सुझाव मिले हैं।

प्रधान ने कहा-  एनटीए का गठन सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हुआ था और वह बहुत ही सक्षम नेतृत्व में है। प्रत्येक वर्ष एक करोड़ उम्मीदवार एनटीए परीक्षाओं में शामिल होते हैं। एनईईटी परीक्षा रद्द होने के दिन एनटीए ने दो निर्णय लिए- सबसे पहले तो एनईटी स्नातक परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा, दूसरा पुनर्परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. इसको लेकर एनटीए शाम तक एक और सूचना जारी करेगा।

----------