छत्तीसगढ़ के जंगलों में दिखा दुर्लभ सफेद भालू….
2026-05-23 11:30 AM
29
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र अंतर्गत आमाडांड और बसंतपुर गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त लोगों में हड़कंप मच गया, जब जंगल से भटककर एक दुर्लभ सफेद भालू आबादी वाले इलाके में पहुंच गया, स्थानीय लोगों ने सफेद भालू को गांव के आसपास घूमते देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भालू को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश शुरू की।विशेषज्ञों के मुताबिक यह कोई पोलर बियर नहीं, बल्कि एल्बिनिज्म नामक जेनेटिक स्थिति के कारण सफेद दिखाई देने वाला स्लॉथ बेयर है। ऐसे भालू बेहद दुर्लभ माने जाते हैं और मरवाही वन मंडल में समय-समय पर इनके दिखने की खबरें सामने आती रही हैं, फिलहाल वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और भालू के करीब नहीं जाने की अपील कर रहा है।
छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल और कोरिया जिले के घने जंगलों में ऐसे दुर्लभ भालुओं को कई बार देखा गया है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह बेहद असामान्य मामला है और ऐसे भालू सामान्य काले स्लॉथ बेयर की तुलना में बहुत कम संख्या में पाए जाते हैं।
विशेषज्ञ यह भी स्पष्ट करते हैं कि इन सफेद भालुओं का ध्रुवीय भालुओं से कोई संबंध नहीं है। पोलर बियर केवल आर्कटिक क्षेत्र में पाए जाते हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में दिखने वाले सफेद भालू भारतीय स्लॉथ बेयर की ही दुर्लभ आनुवंशिक अवस्था माने जाते हैं, दुर्लभ सफेद भालुओं की मौजूदगी छत्तीसगढ़ के जंगलों की जैव विविधता को और खास बनाती है। वन विभाग भी इनके संरक्षण और निगरानी पर लगातार नजर बनाए हुए है।