छत्तीसगढ़

NH-30 पर बड़ी कार्रवाई, कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद

बालोद। जिले में नेशनल हाईवे-30 पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुरुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-30 पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी रकम बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में कार सवार व्यक्ति ने अपना नाम अमित जैन बताया। उसने कहा कि वह यह राशि केशकाल से बालोद लेकर जा रहा था। हालांकि, रकम के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज, बैंक रसीद या स्रोत से जुड़े प्रमाण मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार पूरी नकदी को जब्त कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक कर्मचारियों की मदद से मशीन के जरिए नोटों की गिनती कराई गई। इस दौरान गुरुर तहसीलदार हनुमंत स्याम भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी नकदी के परिवहन को लेकर आयकर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी सूचित किया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि यह राशि किस उद्देश्य से और किस स्रोत से लाई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि जब तक वैध दस्तावेज और संतोषजनक जवाब नहीं मिलते, तब तक राशि को नियमों के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस की सतर्कता को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सराहना की है।