छत्तीसगढ़

आयकर विभाग में 70 इंस्पेक्टरों के तबादले, रायपुर कमिश्नरी के 29 अधिकारी प्रभावित

रायपुर। आयकर विभाग के भोपाल मुख्यालय ने छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश (सीजी-एमपी) क्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 70 आयकर इंस्पेक्टरों के तबादले किए हैं। मुख्य आयकर आयुक्त द्वारा जारी आदेश में रायपुर कमिश्नरी रेंज के 29 निरीक्षकों का भी स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी तबादला सूची में छत्तीसगढ़ सेक्टर के राजेश कुमार, सुजीत सरकार, अभिषेक कुमार, राकेश बोरकर, कुणाल राणा सहित कई आयकर निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी बिना विलंब नए स्थान पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

इससे पहले 23 जून को भी आयकर विभाग ने बड़े स्तर पर 209 आयकर निरीक्षकों के तबादले किए थे। उस सूची में सबसे अधिक भोपाल के 46 और रायपुर के 31 निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया था। इसके अलावा इंदौर में 21, भिलाई में 10 और बिलासपुर में निरीक्षकों की नई पदस्थापना की गई थी।

विभागीय सूत्रों के अनुसार लगातार हो रहे तबादले और नई पदस्थापनाएं विभागीय पुनर्गठन की प्रक्रिया का हिस्सा हैं। नए वित्तीय वर्ष को ध्यान में रखते हुए सीजी-एमपी आयकर सर्किल के प्रशासनिक ढांचे को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि कर प्रशासन, जांच और राजस्व संग्रहण से जुड़े कार्यों में गति लाई जा सके।