छत्तीसगढ़

डीएवी मोनेट स्कूल में POCSO एवं विशाखा एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सामाजिक संस्था शकुंतला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा 8 अगस्त को बच्चों की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को लेकर डीएवी मोनेट स्कूल, इंदौर में आज एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में POCSO Act 2012 और विशाखा एक्ट 2013 के बारे में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ समस्त शिक्षक-अध्यापिकाओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण देना तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित करना था। साथ ही शिक्षकों को भी कानून के प्रावधानों और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री अनामिका गुहा रॉय जी, अधिवक्ता एवं एग्जीक्यूटिव काउंसलर मेंबर ने बच्चों को सरल भाषा मे पास्को एकट कानून के प्रावधान समझाए। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है और इसके लिए 1098 - चाइल्ड हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम की विशेष अतिथि सुश्री स्मिता सिंह, संस्थापिका एवं निदेशक, शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ ने विशाखा एक्ट 2013 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल हो या शिक्षण संस्थान, हर महिला को सम्मान के साथ काम करने और पढ़ने का अधिकार है। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और "ना" कहने की शक्ति के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।

इस कार्यक्रम में विशाल भैया का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती रितु चौधरी, प्राचार्या, डीएवी मोनेट स्कूल ने कहा कि "हमारा प्रयास है कि स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र ही न बने, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा का भी माध्यम बने। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।" कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीतिश तंबोली व ज्योति मेमकी सराहनीय भूमिका रही। उनके समन्वय से कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।

सम्मान समारोह:  कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या रितु चौधरी द्वारा शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ को उनके सामाजिक कार्यों और जागरूकता प्रयासों के लिए स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।  इसके जवाब में संस्था की ओर से भी डीएवी मोनेट स्कूल के प्रबंधन एवं स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आभार पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को 1098 - चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 - महिला हेल्पलाइन के नंबर नोट कराए गए तथा उन्हें किसी भी समस्या पर बिना डरे आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे।