छत्तीसगढ़

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह आज छत्तीसगढ़ में, कुछ देर में पहुंचेंगे

सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में आज ग्रामीण विकास को लेकर बड़ा आयोजन होने जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की सौगात एक ही मंच से दी जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 12 बजे सक्ती पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर कलेक्टोरेट मैदान में करीब 10 हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य डोम तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इस आयोजन में ग्रामीण विकास से जुड़े 122 करोड़ रुपये से अधिक के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।

वहीं करीब 2 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घरों की सौगात मिलेगी और गृहप्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की शुरुआत भी की जाएगी। इसके साथ ही नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए ‘धार अपार अभियान’ शुरू होगा। ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर भी शुरू किए जाएंगे।

ग्रामीण महिलाओं और पंचायत स्तर पर बेहतर काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और रानी मिस्त्री को सम्मान मिलेगा। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान किया जाएगा। 
 

कुल मिलाकर सक्ती में होने वाला यह आयोजन ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका और जल संरक्षण से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत और सौगात का गवाह बनेगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।