सिलयारी/कुरुद। ग्राम सिलयारी कुरुद में प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्माण क्षेत्र के आसपास सड़क किनारे स्थित दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
ओवरब्रिज के निर्माण से सिलयारी कुरुद में आवागमन को सुगम बनाने के साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज निर्माण से सिलयारी में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। बेहतर आवागमन और यातायात सुविधा से क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय बाजार एवं व्यापार के विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीणों ने ओवरब्रिज निर्माण कार्य के शीघ्र एवं व्यवस्थित रूप से पूरा होने की उम्मीद व्यक्त की है।