छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के इस धार्मिक नगर की बदलेगी सूरत, CM साय ने दी 63 करोड़ की बड़ी सौगात

रायपुर : छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगर शिवरीनारायण को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर को तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना, राम वनगमन पर्यटन परिपथ के तहत धार्मिक पर्यटन के विकास और शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में सर्वे कराने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था, संस्कृति और विकास को साथ लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जाएगा।

महानदी पर नए पुल से आवागमन होगा आसान 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवरीनारायण की धार्मिक महत्ता और क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। महानदी पर नए पुल के निर्माण से स्थानीय नागरिकों के साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ सड़कों, पुलों, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। प्रस्तावित पुल क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर में एसटीपी प्लांट स्थापित करने की घोषणा भी की गई है। इसके माध्यम से गंदे पानी का शोधन किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक इससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महानदी के संरक्षण में भी सहायता होगी।

शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने के लिए होगा सर्वे 
मुख्यमंत्री ने शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में आवश्यक सर्वे कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर की भविष्य की आवश्यकताओं और विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा। नगरपालिका का दर्जा देने के संबंध में फिलहाल सर्वे कराने की घोषणा हुई है। सर्वे और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

राम वनगमन पर्यटन परिपथ से मिलेगा विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा सांस्कृतिक संबंध है। प्रदेश में भगवान राम को भांजे के रूप में सम्मान देने की विशिष्ट परंपरा है। शिवरीनारायण माता शबरी की भक्ति और भगवान राम की वनगमन यात्रा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। मुख्यमंत्री ने राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत शिवरीनारायण के विकास की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कारोबार और आजीविका के अवसरों के विस्तार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा और महाआरती की 
तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गौमाता की पूजा की। इसके बाद वे मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती में शामिल हुए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने शिवरीनारायण महोत्सव और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता शबरी की पावन धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि वे माता शबरी के बुलावे पर अपनी पत्नी के साथ यहां पहुंचे हैं। उन्होंने शिवरीनारायण में प्रतिदिन होने वाली संध्या आरती की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी धार्मिक परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ती हैं।

प्रधानमंत्री आवास और किसानों की योजनाओं का किया जिक्र 
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गठन के बाद पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया था। उनके अनुसार, इनमें से लगभग साढ़े 11 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं और प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण पूरा हो रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 6 हजार आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 250 से अधिक नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उनके मुताबिक यह योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने का माध्यम बनी है। महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों और छोटे व्यवसायों सहित विभिन्न कार्यों में कर रही हैं।