जगदलपुर। गीदम मार्ग के बस्तनार घाट में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसके चलते वाहन में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चार गंभीर रूप से घायल है। घायलों को उपचार के लिए डिमरापालपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला तुरेनार थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, मंगलवार सुबह 11:00 बजे के करीब बीजापुर से स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर 7 लोग जगदलपुर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बस्तानार ब्लॉक के किलेपाल नंबर 3 में वाहन का टायर फट गया। जिसकी वजह से चालक स्कार्पियो को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी नेशनल हाइवे पर 2 से 3 पलटी खाकर सड़क के किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि, मौके पर ही वाहन में सवार 3 महिलाओं की मौत हो गई।
वहीं सूचना पर एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया। इधर मृत महिलाओं के शव को किलेपाल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि वाहन में 3 पुरुष और 4 महिलाएं सवार थी। जिनमें 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं वाहन चालक और अन्य व्यक्ति की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।