छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर एक बड़ा सड़क हादसा... चार लोगों की दर्दनाक मौत... घायलों की हालत भी गंभीर

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हुए सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यहां एक ऑटो 50 फीट गहरे खाई में जा गिरी। जिससे मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। सोनक्यारी चौकी क्षेत्र में हुए इस हादसे में बच्चा समेत 2 लोग घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर 6 लोगों को लेकर ऑटो ग्राम सोनक्यारी से ग्राम करदना की ओर जा रहा थी। इस दौरान करदना घाटी में ऑटो अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया है। आस-पास के लोगों ने बताया की ऑटो तेज रफ्तार में थी। जिसके चलते यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद आस-पास के लोगों की मदद से ही घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां इलाज के दौरान एक महिला की जान गई है। इसके अलावा अन्य घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि जिस पुरुष की इस हादसे में मौत हुई है, वह खुद ऑटो चालक था। घटना के वक्त वही ऑटो चला रहा था। जबकि मृतक 3 महिलाओं में उसकी पत्नी भी शामिल है। मृतकों में ऑटो चालक बुधनाथ राम, पत्नी फूलमती बाई के अलावा सेवंती बाई और बृहस्पति बाई शामिल हैं। वहीं घायलों में 8 साल का दिलेश्वर और 57 वर्षीय निर्मल तिग्गा का उपचार जारी है।