नक्सलियों ने भाजपा नेता की बेरहमी से की हत्या... पत्नी के साथ कर रहे थे सफर... छोड़ा धमकी से भरा पर्चा
2023-06-22 03:52 PM
269
बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और पूर्व सरपंच काका अर्जुन की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक काका अर्जुन भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री थे। नक्सलियों ने हत्या कर शव को बीच सड़क में छोड़ दिया। साथ ही शव के ऊपर नक्सलियों ने हस्तलिखित पर्चा भी छोड़ा हैं, जिसमें चेतावनी दी है कि भाजपा का प्रचार करने वालों का यही हश्र होगा।
भाजपा के लिए काम नहीं करने की चेतावनी
मिली जानकारी के मुताबिक काका अर्जुन को नक्सलियों ने सेमलडोडी में बुलाया था। जहां वह पत्नी के साथ मोटरसाइकिल में जा रहा था। तभी कासाराम पारा-मुंजाल कांकेर मार्ग पर नक्सलियों ने उन्हें रोका और फिर धारदार हथियार से हत्या कर दी। नक्सलियों के मद्देड़ एरिया कमेटी ने काका अर्जुन समेत अन्य लोगों को बीजेपी में काम नहीं करने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद काका अर्जुन बीजेपी में स्थिर रूप से बने हुए थे। जिसके चलते नक्सलियों ने काका अर्जुन को मौत के घाट उतार दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलमिडी थाना की टीम पहुंची व शव को बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा दिया। वहीं परिवार में शोक का माहौल हैं व अंदरूनी इलाकों में काम कर रहे BJP नेताओं में डर का माहौल बना हुआ हैं।