छत्तीसगढ़

शाह के बाद अब नड्डा का दौरा... बिलासपुर में जनसभा का आयोजन... सत्ता संग्राम के पहले नब्ज टटोलने की कोशिश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की नजदीकियों के साथ ही सत्ता संग्राम के लिए तैयारियों का दौर भी तेज हो चुका है। हाल ही में देश के गृहमंत्री और भाजपा के चाणक्य अमित शाह एक​दिवसीय प्रवास पर भिलाई आए थे, जहां पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और रायपुर में शीर्ष नेताओं से चर्चा की। अब उनके बाद भाजपाध्यक्ष जेपी नड्डा के बिलासपुर कार्यक्रम की जानकारी आ रही है। 

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी के राष्ट्रीय नेता लगातार प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दिवसीय दौरे पर 30 जून को छत्तीसगढ़ आएंगे। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिलासपुर में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जिस सभा को संबोधित करेंगे उस सभा का आयोजन बिलासपुर के रेलवे मैदान में दोपहर दो बजे से किया जाएगा। इस सभा में 25 हजार लोगों के आने का भाजपा ने दावा किया है।