निगम आयुक्त सप्ताह में तीन दिन करेंगे वार्ड का निरीक्षण.... नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किया निर्देश
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को यह निर्देश दिया की निगम आयुक्त और पालिका अधिकारी सप्ताह में दिन वार्ड का निरीक्षण करें। प्रत्येक सप्ताह तीन दिन, संभवतः हर दूसरे दिन सुबह किसी एक वार्ड का निरीक्षण कर स्वच्छता, निर्माण कार्य, अतिक्रमण, राजस्व वसूली, पीएम आवास, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। विभाग ने नगरीय निकाय के हर वार्ड के लिए आवश्यकतानुसार नोडल अधिकारी तथा सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर सफाई के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। सड़कों तथा नालियों की नियमित सफाई के साथ ही गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स को चिन्हांकित कर ऐसे स्थानों पर विशेष सफाई की व्यवस्था के भी निर्देश दिए हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन और सोर्स सेग्रीगेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निकाय में एकत्रित कचरे का निपटान वैज्ञानिक रीति से ही करने तथा खुले में कचरे का परिवहन एवं कचरा जलाने पर सख्त कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। शहर के चौक-चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई की व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया गया है। वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट एवं एसएलआरएम सेंटर का हर महीने निरीक्षण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
विभाग ने सभी नगरीय निकायों में निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने इनके निरीक्षण और प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा है। निर्माण सामग्री एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के परीक्षण के लिए निकाय में कार्यरत अनुभवी तकनीकी अधिकारियों का गुणवत्ता प्रकोष्ठ (Quality cell) गठित कर विभागीय चलित प्रयोगशाला के माध्यम से गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
विभागीय सचिव श्री बसवराजू एस. ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने हर निर्माण कार्य के लिए एक्शन प्लान तैयार करने को कहा है। उन्होंने एक्शन प्लान के अनुसार समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार दंडात्मक कार्यवाही करने को कहा है। उन्होंने शहर में भविष्य की जरूरतों को दृष्टिगत रखते हुए निर्माण कार्यों की योजना बनाने और निर्माण कार्य के दौरान सभी जरूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।