छत्तीसगढ़

नक्सलियों ने ग्रामीण को अगवा कर उतरा मौत के घाट... दहशत फैलाने गांव के पास फेंका शव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। आज सुबह ग्रामीण की लाश गांव के पास लहूलुहान हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम करवा दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बारसूर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बुड़दुंग में चैनू कश्यप का परिवार निवास करता है। आज सुबह चैनू कश्यप की लाश दंतेवाड़ा के मालेवाही थाना इलाक़े में बोदली गांव के पास लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने देखा। आनन फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही जवान मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। दंतेवाड़ा एएसपी आरके बर्मन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स को मौके पर रवाना किया गया है। मृतक की पहचान कर ली गई है, लेकिन शव के पास से पुलिस टीम को कोई पर्चा नही मिला है। एएसपी ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड को सभी एंगल से जांच कर रही है।

बतादें कि एक तरफ छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलियों से वार्ता कर शांति का रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है। वहीं दूसरी तरफ नक्सली अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए लगातार दहशत फैला रहे है। पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली लगातार निर्दोष ग्रामीणों की हत्या करने के साथ ही पुलिस फोर्स पर हमला कर नुकसान पहुंचा रहे है। इसी कड़ी में एक बार फिर दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने एक ग्रामीण की हत्या कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।