छत्तीसगढ़

बगिया के बालक आश्रम में मुख्यमंत्री ने मनाया जन्मदिन, बच्चों को बांटें उपहार, साथ किया भोजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मन में बच्चों के प्रति कितना स्नेह रखते हैं। यह उनके जन्मदिन के अवसर पर बगिया के आश्रम शाला में आयोजित न्योता भोज के दौरान छोटे-छोटे प्रसंगों में सामने आया। मुख्यमंत्री और बच्चों को जब भोजन परोसा गया तो मुख्यमंत्री ने अपनी थाली की मिठाई अपने बगल में बैठे बच्चों अनुज और सुमीत को दे दी। खाने के दौरान मुख्यमंत्री उनसे ढेर सारी बातें करते रहे। बच्चों को मुख्यमंत्री घर के मुखिया की तरह लगे।

बच्चों को मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी को खूब मन लगाकर पढ़ना है। ऊंचे मुकाम पर आपको पहुंचना है। नन्हे बच्चे भी मुख्यमंत्री साय को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित रहे और मुख्यमंत्री से कहा कि "सीएम सर हमसे मिलने और आइएगा।" मुख्यमंत्री साय बच्चों की इस मासूम मनुहार पर मुस्कुराए और कहा बगिया तो मेरा घर है तो आप लोगों से मिलने तो आता ही रहूंगा।

बगिया के बालक आश्रम के नन्हें बच्चों का दिन आज बेहद खास रहा क्योंकि उनके बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री पहुंचे थे, वो भी अपना जन्मदिन मनाने। बच्चों ने मुख्यमंत्री को कविता के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। उन्होंने बच्चों को केक खिलाया और उन्हें क्रिकेट किट, बैडमिंटन, वॉलीबाल जैसी खेल सामग्री उपहार में दिए। इस मौके पर पद्मश्री जागेश्वर यादव भी मौजूद रहे।