छत्तीसगढ़ की बेटी ने मैनचेस्टर में लहराया भगवा ध्वज... वीर शिवाजी के गूंजे नारे
रायपुर। हम अपने घर-परिवार और शहर से चाहे कितने ही दूर क्यों न हों, पर माटी और मातृभूमि की महक हर पल साथ रहती है। यह याद दिलाती है कि हम सब भारतीय हैं और इस संस्कृति पर हमें गर्व है। छत्तीसगढ़के कोरबा जिले की रहने वाली मिताली बोपापुरकर ने इंग्लैंड के लिवरपूल शहर में भगवा ध्वज लहराया। शिवाजी महाराज की जयंती पर सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित नाटक प्रस्तुत किया।
बतादें कि मिताली ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा से पूर्ण की। विद्यार्थी जीवन से ही सेवा व सामाजिक कार्यों में रुचि रखती हैं। उनके सेवाभावी कार्यों का ही परिणाम रहा, जो उहें राष्ट्रीय सेवा योजना में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह साडा कॉलोनी जमनीपाली में रहने वाले केएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर व श्रीमती वैशाली बोपापुरकर की सुपुत्री हैं।
एमआईटी पुणे से कंप्यूटर साइंस में बीई के बाद कुछ दिनों मल्टीनेशनल कंपनी में जाब किया। फिर आगे की पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम को चुना और करीब छह माह पहले वह उच्च शिक्षा प्राप्त करने यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर चली गर्इं। वे सितंबर से लिवरपूल यूनिवर्सिटी में पीजी कंप्यूटर साइंस की शिक्षा प्राप्त कर रहीं हैं।
यूके जाने के बाद उन्हें ऐसा पहला अवसर 22 जनवरी को मिला, जब अयोध्याजी में रामलला के भव्य मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा हुई। उस दिन वे भारतीय मित्रों के साथ भगवा ध्वज थामें निकली और लिवरपूल की सड़कों में जय श्रीराम का जयघोष गूंजता रहा।