छत्तीसगढ़

काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज का समापन.. एनएसजी और छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया अभ्यास

रायपुर। राजधानी रायपुर में आतंकवादी हमला होने की विभिन्न परिस्थितियों से निपटने एनएसजी के कमांडो और रायपुर पुलिस के जवानों ने काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज के तहत अभ्यास किया।  रायपुर पुलिस, जिला प्रशासन, एटीएस, एसटीएफ, फायर सेवा, स्वास्थ्य विभाग सहित अनेक शासकीय संस्थाओं ने आतंकवादी हमले की वास्तविक परिस्थितियों निर्मित कर अभ्यास किया। इस अभ्यास के दौरान अत्याधुनिक तकनीक एवं हथियारों के उपयोग भी किया गया।

रायपुर जिले में नेशनल सिक्योरिटी गॉर्ड (एनएसजी) की टीम ने 21 से 23 फरवरी तक तीन दिवस काउंटर टेररिज्म अभ्यास किया। यह अभ्यास नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस, मंत्रालय भवन एवं तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल में किया गया। एनएसजी के तीन दिवसीय ड्रिल का मुख्य उद्देश्य रायपुर में आतंकी हमला होने एवं होस्टेज सिचुएशन से निपटने राज्य पुलिस एवं एनएसजी की तैयारी का अभ्यास करना रहा। इस अभ्यास में मुंबई एवं दिल्ली के 150 से अधिक एनएसजी ब्लैक कैट कमांडो हिस्सा लिया। राज्य की ओर से रायपुर पुलिस के 200 से अधिक अधिकारी एवं जवान तथा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की दो टीमों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ में इससे पूर्व इस तरह का अभ्यास वर्ष 2017 में किया गया था। मॉकड्रील का उद्देश्य राज्य में आतंकवादी घटना होने पर राज्य की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं एनएसजी कमाण्डों के मध्य समन्वय स्थापित करना एवं भविष्य की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमता का विस्तार करना है। अभ्यास के बाद डिब्रिफिंग मीटिंग कर आवश्यक फीडबैक साझा किए गए एवं भविष्य की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।