छत्तीसगढ़

मौसम अलर्टः रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग सहित बस्तर में आज शाम चलेगी अंधड़

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदल गया है। शनिवार शाम को राजधानी सहित पूरे प्रदेश में अंधड़ के साथ ठंडी हवाएं चली। जिसके चलते बीती रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि आज बस्तर संभाग के जिलों में बादल  छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात होने की स्थिति भी बन रही है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों भी शाम के बाद गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। एक- दो जिलों में अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओला वृष्टि होने की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 18 मार्च को भी बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, कोरिया, कबीरधाम सहित कई क्षेत्रों में अंधड़ चलने व बादल गरजने की संभावना है। 19 और 20 मार्च को भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी, बारिश से तापमान में कमी के आसार भी हैं।