छत्तीसगढ़

बदला मौसम और गर्मी से मिली राहत... सुबह से हो रही रुक रुककर बारिश, सूरजपर में ओलावृष्टि

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बढ़ते तापमान और गर्मी से एक बार फिर राहत मिली है। प्रदेश में नमी का आगमन होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश भी हुई है। वहीं रात के समय ठंडी हवाएं भी चली। सूरजपुर जिले के ओडगी ब्लाक क्षेत्र के मयूरधक्की, चिकनी, लांजित गांव के साथ बिहारपुर क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि भी हुई है।

आज राजधानी रायपुर में सुबह से ही आकाश आंशिक मेघमय है। यहां भी एक दो जगह पर छीटें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस आसपास रहने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो की सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि 19 से 20 मार्च तक छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, झारखंड और मध्यप्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, एक ट्रफ रेखा विदर्भ से उत्तरी केरल तक मराठवाड़ा और कर्नाटक होते हुए गुजर रही है. वहीं एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ को पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर, लगभग 68 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में देखा जाता है. इसके अलावा 20 मार्च की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।