छत्तीसगढ़

नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप ‎एग्जाम के रिजल्ट जारी.. रायपुर से 121 छात्रों का चयन

रायपुर। नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप एग्जाम के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं। पूरे छत्तीसगढ़ से दो  हजार छात्रों का चयन हुआ है। जिसमें रायपुर के 121 छात्र शामिल हैं। सबसे ज्यादा गवर्नमेंट मिडिल स्कूल डब्ल्यूआरएस के बच्चों को इस परीक्षा में सफलता मिली। दुर्ग और कांकेर जिले के बच्चे सबसे आगे रहे। दुर्ग से 625 और कांकेर से 526 बच्चों ने परीक्षा पास की। तीसरे स्थान पर राजनांदगांव खैरागढ़ के 304 को सफलता मिली है। वहीं रायपुर 121 बच्चों के साथ चौथे स्थान पर है।

मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर से 1,014 बच्चों परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था। इनमें से 955 उपस्थित हुए। 144 ने परीक्षा पास की। इसके साथ ही 121 का चयन हुआ। वहीं बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर से एक-एक विद्यार्थी ने यह परीक्षा पास की है।स्टेट काउंसिल एजुकेशन एंड रिसर्च ट्रेनिंग सेंटर की ओर से 10 दिसंबर को यह परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्कूलों से कक्षा 8वीं के 20 हजार से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। इनमें से सिर्फ 2 हजार छात्रों ने यह परीक्षा पास की है। इन सभी विद्यार्थियों को केंद्र सरकार 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए अगले चार साल तक हर महीने एक-एक हजार रुपए बतौर स्कॉलरशिप देगी।

बतादें कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय नईदिल्ली के अंतर्गत स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से वर्ष 2008 में नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप की केंद्र स्तर पर शुरूआत की गई है। यह स्कालरशिप आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को वित्तीय मदद प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। केंद्र सरकार हर साल एक लाख बच्चों को स्कॉलरशिप प्रदान करने का लक्ष्य रखा है।