सावधान......। छत्तीसगढ़ के इस शहर में बनाया जा रहा था डालडा और सोयाबीन तेल से घी
रायपुर। तीन दिनों बाद नवरात्र शुरू हो जाएगा। ऐसे में मंदिरों में दीप जलाने के साथ देवी को भोग चढ़ाने के लिए भक्त शुद्ध घी से फलहार बनाते है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के इस शहर में नकली घी का कारोबार फल फूल रहा था। प्रशासन की सक्रियता से जिसका भंडाफोड़ किया गया। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में महाराष्ट्र के गोंदिया से आए व्यापारी ने एक मकान किराए में ले लिया, फिर नकली घी बनाने में जुट गया. नवरात्रि में घी के दीये जलाने के लिए इनकी बिक्री की पूरी तैयारी थी। अचानक फूड अफसरों ने छापा मारकर सामान जब्त कर लिया है। यहां डालडा और सोयाबीन तेल मिलाकर नकली घी बनाई जा रही थी, वहीं अब तक 4 पिकअप नकली घी वह खपा चुका था. इसके सैंपल जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है।
बता दें कि मौके से करीब 3 हजार लीटर तैयार नकली घी और 1,215 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल व 855 लीटर डालडा बरामद किया गया है. दरअसल, महाराष्ट्र के गोंदिया सिविल लाइन नेहरू वार्ड निवासी राकेश ओमप्रकाश बंसल अपने कुछ रिश्तेदारों और मजदूरों को लेकर अंबिकापुर आया था। उसने बाबूपारा में किराए पर एक घर लिया था। शुक्रवार को सूचना मिली कि वह नकली घी बनाकर बेच रहा है।
कलेक्टर विलास भोस्कर ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम को तहसीलदार उमेश बाज व पुलिसकर्मियों के साथ छापा मारने के निर्देश दिए. टीम जब मौके पर पहुंची तो नजारा देखकर हैरान रह गई। आंगन में प्लास्टिक के ड्रम और एल्युमिनियम के ड्रम में नकली घी बनाकर रखी गई थी। जबकि कुछ ड्रमों में सोयाबीन रिफाइंड तेल को भरकर रखा गया था। 2 गैस चूल्हाें और दो घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर डालडा को गर्म किया जा रहा था।