छत्तीसगढ़

संस्कार भारती और रेलवे महाराष्ट्र मंडळ बिलासपुर ने गुड़ी उभारकर मनाया गुड़ी पड़वा

बिलासपुर। कला एवं साहित्य के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की जिला इकाई बिलासपुर एवं  रेलवे महाराष्ट्र मंडल टिकरापारा बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में वर्षप्रतिपदा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम मोहन देवपुजारी अध्यक्ष रेल्वे महाराष्ट्र मंडल बिलासपुर एवं राजेश सोनार अध्यक्ष संस्कार भारती बिलासपुर के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुवात उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मंडल प्रागंण में गुड़ी की स्थापना व पूजन किया गया। तत्पश्चात मंचीय आयोजन की शुरुवात नटराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन अर्चन किया गया। अतिथियों के स्वागत पश्चात् एस. नीरजा ने प्रभु श्रीराम स्तुति पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी, नगर के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक टोपराज सिंह पटेल अपने शास्त्रीय गायन शैली में नट भैरव राग पे छोटा खयाल, भजन, एवं गजल की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनके साथ संगतकार के रूप में तबले पर देवेंद्र श्रीवास एवं गिटार पर अपूर्व सरकार ने बखूबी साथ दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर राजेश सोनार ने अपने उद्बोधन में कहां की विक्रम संवत 2081 नवसंवत्सर हम सभी के लिए कुछ नवीन करने की प्रेरणा लेकर आया है, हम सभी को इस नूतन वर्ष में समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ नया करने का संकल्प लेना चाहिए ताकि समाज और राष्ट्र और शसक्त बन सके।

मोहन देवपुजारी ने कहा कि हिंदू नया वर्ष हर्ष एवं उल्लास का वातावरण निर्मित करता है, समाज का हर वर्ग इसे मनाने आतुर है, हम सभी इसमें शामिल होकर एक नए सवेरे का संकल्प लेकर सबको बधाई प्रेषित करे। अंत में सभी कला साधकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डा. विजया राजपुत ने एवं आभार प्रदर्शन सचिव नीरज जोशी ने किया। कार्यक्रम में भुवनेश्वर चंद्राकर, चंद्रशेखर देवांगन, नीलकंठ इंगले, शरद‌ बल्हाल, दिलीप देशपांडें, नीरज जोशी, अविनाश गोरे, संदीप बल्हाल, बसंत चौहान, सोनु मानिकपुरी, राहुल रामभजनी, बालमुकुंद श्रीवास, सानवी माहेश्वरी, भाग्यश्री चंद्राकर एवं मंडल के सदस्य एवं कला प्रेमी उपस्थित थे।