छत्तीसगढ़

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले, अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी नीलेश क्षीरसागर और सीएस अमिताभ जैन ने किया मतदान

रायपुर।  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज सवेरे रायपुर के धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने और उनकी मां अनिता बाबासाहेब कंगाले ने आम मतदाताओं की तरह लाइन में लगकर मतदान किया। वे मतदान शुरू होने के 15 मिनट पूर्व ही अपने मतदान केंद्र पहुंच गई थीं। कंगाले ने मतदान केंद्र में मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कंगाले ने इस दौरान लोगों से अपने परिवार के सभी मतदाताओं सहित मतदान अवश्य करने की अपील की। उन्होंने लोकतंत्र के इस त्योहार में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के लिए 'छोड़कर सारे काम सबसे पहले करें मतदान' का संदेश दिया।

नीलेश क्षीरसागर ने अपनी पत्नी के साथ किया मतदान

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सुबह अमलीडीह स्थित प्राथमिक शाला मतदान केंद्र में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। क्षीरसागर ने मतदान करने के बाद अपनी उंगली में अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए कहा कि एक-एक वोट बहुमूल्य है। उन्होंने कहा कि वोट करना हम सभी का मौलिक अधिकार के  साथ ही हम सभी का कर्तव्य भी है। मजबूत लोकतंत्र के लिए सबको वोट करना चाहिए।  उन्होंने लोगो को निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

मुख्य सचिव अमिताभ जैन भी पत्नी के साथ पहुंचे मतदान करने

मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने अपनी पत्नी रितु जैन के साथ देवेन्द्र नगर आफिसर्स कालोनी स्थित आदर्श मतदान केन्द्र क्रमांक 52 में मतदान किया। मुख्य सचिव जैन ने मतदान करने के उपरांत अपनी उंगली में लगे अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी नागरिकों को निर्भीक, स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए।