छत्तीसगढ़

कवर्धा में पुलिस जवान ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सस्पेंड के बाद अब SP ने लिया बर्खास्तगी का बड़ा फैसला

रायपुर। कवर्धा में शराब पीने के बाद एक पुलिसकर्मी अपना आपा खो गया है और फायरिंग कर दी। दरअसल, जिले में शराब के नशे में धुत्त एक पुलिस जवान ने देर रात अपनी सर्विस राइफल से कई जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि इससे किसी को नुकसान नहीं हुआ है।

इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, इस मामले में एसपी अभिषेक पल्लव ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर राइफल जब्त कर लिया है। इसके साथ ही जवान को सस्पेंड कर दिया गया है और आगे इस पुलिस आरक्षक के खिलाफ बर्खास्तगी की भी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार कोमल कुर्रे जवान पहले से ही शादीशुदा है, लेकिन अन्य लड़की के साथ उसका अवैध संबंध था। युवती ने कुछ दिनों पहले ही जवान के खिलाफ 376 का मामला दर्ज कराया था।

आरोपी जवान की ड्यूटी क्वेशचन पेपर की सुरक्षा के लिए नगर के कन्या स्कूल के बाहर लगाई गई थी। जहां से निकलकर बीती रात उसने पहले ढाबे के पास फिर पेट्रोल पंप के पास 7 बार फायरिंग किया उसके बाद अपने ही घर के बाहर फायरिंग की है।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है और इंसास रायफल भी जब्त कर लिया है। इस मामले में कवर्धा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तत्काल जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही सस्पेंड भी कर दिया गया है। आगे बर्खास्तगी की भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आगे कोई भी फैसला जांच के बाद ही लिया जाएगा।