छत्तीसगढ़

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में जमकर बरसे बादल... कोरबा में चली आंधी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज तीसरे चरण के चुनाव में भारी मतदान के पीछे प्रमुख वजह आज सुबह का खुशनुमा मौसम रहा। सुबह के वक्त ठंडी हवा और बादलों ने गर्मी का तापमान एकदम नीचे गिरा दिया, जिसके चलते लोग समय से पहले ही घरों से निकल पड़े। मगर इसके विपरीत दोपहर बाद अनेक इलाकों में आंधी-तूफान और तेज बारिश से मतदान कुछ हद तक काफी प्रभावित हुआ। कोरबा में तो इस वजह से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं शाम का राजधानी रायपुर में भी बादल बरसे।

कोरबा जिले के अलग-अलग इलाकों में जमकर बारिश हुई। बारिश के साथ ही जमकर आंधी चली, जिसके चलते मतदान के लिए किये गए सारे इंतजाम ध्वस्त हो गए। मतदान केंद्र के बाहर तंबू और बैनर पोस्टर हवा में उड़ गए। पार्टियों के कार्यकर्ता पंडाल छोड़ भागे। विजिबिलिटी काम होने के चलते लोग दिन में लाइट जलाकर वाहन चला रहे थे। शहर के चौक-चौराहों पर लगे बैनर पोस्टर भी आंधी में उड़ गए। वहीं तेज आंधी-तूफान के चलते कई जगह विद्युत खंभे पर शॉर्ट सर्किट हो गया।

उधर सरगुजा में भी सुबह का मौसम खुशनुमा रहा। मगर दोपहर बाद यहां भी घंटे भर बारिश हुई। जिसके चलते मतदान में थोड़ा व्यवधान हुआ। इस दौरान बड़ी ही दुखद खबर सामने आयी। अंबिकापुर में मतदान करके लौट रही एक युवती आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। इससे युवती की मौत ही गई, वहीं एक अन्य के घायल होने की खबर है।