छत्तीसगढ़

स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल में ताला लगाकर दिया धरना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर के भैसाकन्हर (क) में ग्रामीणों ने स्कूल को ताला लगाकर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से स्कूल भवन की मांग की जा रही है, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी मांगे नहीं सुन रहे हैं। जिसके चलते स्कूल में ताला लगने से बच्चे स्कूल के बाहर खुले में बैठ पढ़ते नजर आए। 

बताया जा रहा कि हाईस्कूल के बच्चों के पास पढ़ाई करने के लिए उनका खुद का स्कूल भवन नहीं है। वहीं बच्चे मीडिल स्कूल में बैठ कर पढ़ाई करने मजबूर है। जिसके कारण उन्होंने स्कूल में ताला लगाकर प्रदर्शन किया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को खबर लगते ही उन्होंने ग्रामीणों को समझकर बुझाकर आश्वासन देते हुए स्कूल का ताला खुलवाया।

खंड शिक्षा अधिकारी सदेसिंह कोमरे का कहना है कि शासन स्तर पर स्कूल भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है। इस दौरान जैसे ही स्वीकृति मिलेगी स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों ने मांगें पूरी नहीं होने पर चक्काजाम कर सड़क की लड़ाई लड़ने की बात भी कही जा रही है।