दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में मराठी सामूहिक उपनयन संस्कार 18 मई को

- छह बटुक का होगा उपनयन संस्कार

रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में रविवार, 18 मई को मराठी भाषी सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है। मंडल के सचिव और आचार्य चेतन गोविंद दंडवते के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में रायपुर के अलावा सीहोर मध्य प्रदेश के बटुक का भी उपनयन संस्कार किया जाएगा।

आचार्य दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र द्वारा सामूहिक मुंज का यह 24वां आयोजन है। इस वर्ष छह बटुकों ने मूंज के लिए पंजीयन कराया है। जिसमें से पांच बटुक रायपुर और एक सीहोर मध्यप्रदेश से है। उन्होंने बताया कि पूर्णतः वैदिक पद्धति और मंत्रोच्चार के साथ उपनयन संस्कार संपन्न कराया जाता है। 

दंडवते ने बताया कि रविवार 18 मई को सुबह 8.30 बजे से मूंज का कार्यक्रम शुरू होगा। सुबह सर्वप्रथम मंडप पूजा कराई जाएगी फिर मातृका पूजन और फिर यज्ञोपवीत संस्कार कराया जाएगा। इसके उपरांत मूंडन और मंगलाष्टक होगा। अंत में हवन पूजन, भिक्षा और काशी तीर्थाटन के साथ संस्कार को पूर्ण कराया जाएगा। इस  वर्ष छह बटुकों का उपनयन संस्कार होगा। जिसमें रायपुर निवासी अमेय सारंग पोफळी, क्षितीज नितिन रामेकर, दिव्यांश मनीष गोवर्धन, श्रेयस पंकज जोशी और अरिन अतुल राहटगाँवकर और मध्य प्रदेश सीहोर निवासी यथार्थ आकाश शेकदार शामिल है।