दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में वीर सावरकर जयंती आज... सावरकर निबंध स्पर्धा के विजेताओं का सम्मान भी

रायपुर। स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर की 142वीं जयंती पर गुरुवार, 28 मई को शाम 5.30 बजे महाराष्ट्र मंडल में विविध कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। साहित्य समिति की प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि कार्यक्रम में दो विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित वीर सावरकर निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही दोनों वर्ग के विजेता के निबंधों का वचन भी किया जाएगा। युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे के अनुसार इस मौके पर 'वर्तमान पीढ़ी को स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर के व्यक्तित्व से सीखने योग्य बातें' विषय पर विशेषज्ञों के विचार सुनने को मिलेंगे।

सखी निवास प्रभारी नमिता शेष के अनुसार पुनर्निर्मित सखी निवास (कामकाजी महिला वसति गृह) व सेनेटरी पैड मशीन का उद्घाटन करने के साथ ही सावरकर जयंती समारोह में शुभारंभ होगा। समारोह की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे होंगी। विशेष अतिथि बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा और समाजसेवी व मंडल की आजीवन सभासद शुभांगी आप्टे होंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर समारोह की अध्यक्षता करेंगी

मंडल उपाध्यक्ष गीता दलाल व संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि दसवीं बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में आठवां स्थान हासिल करने वाली पूर्वी साहू, नौवां स्थान प्राप्त वर्षा परिडा और 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान पर महाराष्ट्र मंडल का परचम लहराने वाली रुचिका साहू को सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह 23 से 26 मई तक हैदराबाद में हुए राष्ट्रीय रिंग फाइट चैंपियनशिप में छह स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतने वाले फाइटर को भी इस मौके पर सम्मानित किया जाएगा।