मराठी समाज छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा दानी समाजः दाऊ अनुराग अग्रवाल
- अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने सियान गुड़ी में फहराया तिरंगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज को नाम बड़े दानियों में लिया जाता है, मुझे भी इस बात पर बड़ा गर्व था, कि मैंने उस समाज में जन्म लिया है, जिस समाज के लोग समाजसेवा के क्षेत्र में दान देने में कतई पीछे नहीं रहते है। लेकिन एक दिन छत्तीसगढ़ के कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि पूरे प्रदेश में अगर कोई सबसे बड़ा दानी समाज है तो वह है महाराष्ट्रीय समाज। क्योंकि एक समय में यहां भोंसले राजा का साम्राज्य हुआ करता था, तब यह मराठियों ने की बड़ी संपत्ती हुआ करतीं थी। समाजसेवा के क्षेत्र में इन लोगों ने बड़ा दान किया। उक्ताशय के विचार अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित सियान गुड़ी में गणतंत्र पर्व के मुख्य अतिथि के तौर पर कहीं।

अनुराग अग्रवाल ने आगे कहा कि पुरानी बस्ती स्थित दूधाधारी मठ का संचालन अग्रवाल समाज द्वारा किया जा रहा है। उस ट्रस्ट का पुराना नाम बालाजी स्वामी ट्रस्ट है। उसे भी मराठों द्वारा बनाया गया। यानी हमसे पहले मराठी दान और समाज सेवा में जुटे है। महाराष्ट्र मंडल के 90 वर्षों के सेवाभावी कार्यों के सामने मैं कुछ बोल सकूं यह सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है। मैं यहां आपसे सेवाभाव सीखने आया हूं। मंडल के सियान गुड़ी योजना की प्रशंसा करते हुए अनुराग अग्रवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज द्वारा भी इसी थीम पर काम किया जा रहा है। कोटा में एक भवन बनवाया गया है। हमारे समाज के 84 वर्षीय युवा विठ्ठल अग्रवाल की इच्छा है, कि हम भी ऐसा कार्य करें। मैं उन्हें जल्द यहां लाउंगा और सियान गुड़ी दिखाउंगा।

अनुराग ने आगे कहा कि दान से बड़ा काम दान का संरक्षण करना होता है। उन्होंने सभी से एक संविधान खुद के लिए बनाने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि आज आप सभी अपने लिए भी एक संविधान का संकल्प लें और उसका पालन करें। क्योंकि व्यक्तियों का समूह ही समाज है। अगर हम अपने-अपने संविधान का पालन करेंगे तो भारतीय संविधान और समाज के संविधान को पालन होगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते, सियान गुड़ी प्रभारी श्याम सुंदर खंगन, निरंजन पंडित, भगिरथ काळेले, सुबोध टोले, किशोर साहू, निखिल मुकादम, दीपक पात्रीकर, प्रशांत देशपांडे, मालती मिश्रा, आस्था काले, दिव्या पात्रीकार, साक्षी टोले, अक्षता पंडित के साथ दिव्यांग बालिका विकास गृह में निवासरत बच्चियां और सियान गुड़ी का स्टाफ मौजूद था।