दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल सोमवार से फिर लगाएगा योगा क्लासेस... Online लिंक के माध्यम से जुड़ पाएंगे इच्छुक लोग

सोमवार से महाराष्ट्र मंडल में एक बार फिर से योगा क्लासेस शुरू हो जाएगा। मंडल की योग समिति की प्रभारी एवं प्रशिक्षिका आस्था काले ने इस संदर्भ में जानकारी उपलब्ध कराते हुए बताया कि जीवन में योग का बेहद महत्व है, तो प्रत्येक इंसान को इसे अपने नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे एक तरफ जहां शरीर स्वस्थ रहता है, तो मन तरोताजा रहता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए ही महाराष्ट्र मंडल योग कक्षाएं संचालित करता आ रहा है। 

योगा प्रशिक्षिक आस्था काले ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी नियमित दिनचर्या की शुरुआत योग से करते हैं, जिसका प्रभाव उनमें देखा जा सकता है। इसलिए उन्होंने पूरे भारत के लोगों के लिए देश में जून 2015 को योग दिवस के तौर पर घोषित किया था, लेकिन महाराष्ट्र मंडल इससे 6 माह पूर्व से ही नियमित योग प्रशिक्षण का कार्यक्रम करता आ रहा है। 

उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण काल की वजह से भौतिक तौर पर विगत दो सालों से योगा क्लासेस नहीं हो पा रहा हैं, लेकिन महाराष्ट्र मंडल ने ना तो योग प्रशिक्षण देना बंद किया और ना ही योगा क्लासेस में किसी तरह की बाधा आई। बल्कि महाराष्ट्र मंडल की ओर से Online योगा क्लासेस की सुविधाएं शुरू की गईं और यह निर्बाध गति से निरंतर चल रहा है। संभावना यह भी बन रही है कि यदि कोरोना से दैनिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होती हैं, तो जून से महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका गृह में योगा क्लासेस को भौतिक रूप से भी प्रारंभ किया जाएगा। 

मंडल की योग प्रशिक्षिका आस्था काले ने रविवार को महाराष्ट्र मंडल में आयोजित विशेष बैठक में भी इस बात की जानकारी दी कि 17 अप्रैल से एक बार फिर योगा क्लासेस शुरू की जा रही हैं। सुबह 6 बजे से 7 बजे योगाभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 मिनट पहले प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों को Online लिंक भेज दिया जाएगा।