महाराष्ट्र मंडल में आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने 29 को संगीतमय संध्या
2026-04-24 06:46 PM
42
0- 21 गायिकाओं की सुरीला सफर ‘अभी ना जाओ छोडकर’ से शुरू होकर ‘जीते हैं शान से...’ तक रहेगा जारी
रायपुर। 12 अप्रैल को फिल्म इंडस्ट्री की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन के करीब पखवाड़े भर बाद महाराष्ट्र मंडल का म्युजिकल ग्रुप संगीतमय कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देने जा रहा है। 29 अप्रैल, बुधवार को शाम सात बजे आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 21 महिला सभासद गायिकाएं आशा भोसले के चुनिंदा 21 गानों की सुमधुर प्रस्तुति देकर उन्हें श्रद्धसुमन अर्पित करेंगी।
कार्यक्रम की संयोजक भारती पलोसकर ने बताया कि कार्यक्रम में उन्हीं गायिकाओें के गाने सुनने का अवसर मिलेगा, जो पहले से ही लाइव म्युजिक अथवा कोराओके माध्यम से अपनी आवाज का जादू बिखेरते रहे हैं। इतना तो तय है कि भारतीय फिल्मों की वर्सिटाइल सिंगर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने का यह संगीतमय सिलसिला ‘अभी न जाओ छोड़कर’ से शुरू होकर ‘दम मारो दम मिट जाए गम, ‘ये मेरा दिल प्यार का दिवाना’, दो लफ्जों की है दिल की कहानी या है मोहब्बत या है जुबानी से होते हुए ‘… जीते हैं शान से, मरते हैं शान से’ तक जाकर ही थमेगा। भारती के अनुसार कार्यक्रम में संगीतप्रेमियों को हर दशक और प्रत्येक एरा के चुने हुए बेहतरीन गानों को एंजॉय करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम की सह संयोजक अंकिता किरवई ने जानकारी दी है कि आशा भोसले के गानों को अपनी मौलिक आवाज में हम तक पहुंचाने वाली महाराष्ट्र मंडल की गायिकाओं में भारती पलसोदकर, देविका देशपांडे, स्वाति जोशी, वैशाली जोशी, प्रीति केसकर, अंकिता किरवई, मंजरी बक्षी, साक्षी जोशी, अंजलि कान्हे, सुमिता रायजादा, रुक्मणी रामटेके, प्रगति ओगले, सुरेखा पाटिल, अस्मिता कुसरे, निशा देव, स्मिता राजे, अनुभा झा, सुप्रिया शेष, पूजा सिंग, आरती दीप शामिल हैं। आशीष गुप्ता, रंजन मोड़क सहित अनेक संगीत के क्षेत्र से जुड़े सदस्यों का सहयोग भी कार्यक्रम में मिलेगा।
अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि संगीतमय कार्यक्रम के रूप में यह महाराष्ट्र मंडल का पहला प्रयोगात्मक प्रयास है। हमें विश्वास है कि फिल्मी गानों को पसंद करने और आमतौर पर सुनने वाले संगीतप्रेमी दर्शक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटेंगे। जिससे हर आयुवर्ग की गायिकाओं को प्रोत्साहन की ऊर्जा मिलेगी। मंडल के अनेक रंगसाधकों ने भी 29 अप्रैल के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों से पहुंचने की अपील की है, ताकि भविष्य में भी ऐसे संगीतमय आयोजन जारी रहें।