मॉर्निंग वॉक, जिम से कहीं ज्यादा फायदेमंद योग: डॉ. सोलंकी
2026-08-15 09:45 PM
100
0- महाराष्ट्र मंडल के सियान गुड़ी में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने नुक्कड़ नाटकों से बताया गया योग का महत्व
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह- सियान गुड़ी में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप सोलंकी ने कहा कि योग सुबह- सवेरे मॉर्निंग वॉक करने, जिम जाने अथवा अन्य व्यायाम से कहीं ज्यादा फायदेमंद है। यह बात काफी रिसर्च व मेडिकल साइंटिफिक तरीके से सिद्ध हो चुकी है। सिविल छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी के संस्थापक डाॅ. सोलंकी ने यह विचार योग समिति द्वारा प्रस्तुत दो नुक्कड़ नाटकों को देखने के बाद व्यक्त किए।
डॉ. कुलदीप सोलंकी ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल के कार्य इतने अधिक और कई वर्षों से व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रहे हैं, यह समाजसेवा, मानवसेवा करने वालों के लिए प्रेरक है। उन्होंने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह के चार बच्चों की 26 नवंबर को शहादत को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का जो प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, उसके पीछे सोशल मीडिया की जबरदस्त ताकत थी। उसमें हमें सफलता मिली। यदि ऐसे ही सोशल मीडिया, का समस्त समाज, हर उम्र के लोगों का समर्थन हमें 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती को 'स्वराज दिवस' के रूप में घोषित करने की मांग को मिले, तो न सिर्फ इसमें हम सब सफल होंगे, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज पूरे देश की महानायक के रूप में प्रतिष्ठित होंगे और स्वराज दिवस पर छत्रपति शिवाजी जयंती विविध आयोजनों को उत्सव के रूप में मनाएंगे और स्वराज का सही मायने में अर्थ भी समझ पाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने महाराष्ट्र मंडल के स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का वृत्तांत सुनाया। उन्होंने कहा की महाराष्ट्र मंडल एकमात्र ऐसा सामाजिक संगठन है जो देश की आजादी के पहले से लेकर आज तक समाज की सेवा में देश की सेवा में 91 वर्षों से लगातार काम कर रहा है। देश की आजादी को लेकर भी महाराष्ट्र मंडल की भूमिका को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि मानव जीवन अकेले जीने, इंजॉय करने के लिए नहीं मिला है, बल्कि परिवार, समाज की सेवा करने के लिए मिला है और हमें अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
इस मौके पर योग, आध्यात्मिक व स्वास्थ्य सेवा प्रभारी आस्था काले के मार्गदर्शन में योग समिति की समन्वयक साक्षी टोले के निर्देशन में दो नुक्कड़ नाटकों 'समय नहीं है' और 'योग सबके लिए' का मंचन किया गया। कृषि वैज्ञानिक जे.एस. उरकुरकर ने स्वरचित कविता का पाठ किया। दिव्यांग बच्चियों ने देशभक्तिपूर्ण गीतों की सुमधुर प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने किया। आभार प्रदर्शन दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी मालती मिश्रा ने किया। सियान गुड़ी के प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूरी व्यवस्था संचालित की। इस मौके पर वरिष्ठ रंगसाधक अनिल श्रीराम कालेले, अरुण कठोटे, गौरी क्षीरसागर, दीपक पात्रीकर, दिव्या पात्रीकर, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, सुशांत गुप्ता, विक्रांत, क्षीरसागर, समीक्षा टोले, भालचंद्र पलसोदकर सहित बड़ी संख्या में मंडल के पदाधिकारी, सभासद, दिव्यांग बच्चियों वह महाराष्ट्र मंडल के स्टाफ के साथ आम नागरिक उपस्थित रहे।