महाराष्ट्र मंडल रायगढ़ ने धूमधाम से मनाया... चैत्र गौरी का हल्दी कुमकुम... सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हुआ आयोजन
2023-04-22 03:58 PM 397
रायगढ़। महाराष्ट्रीय समाज में चैत्र पूर्णिमा को चैत्र गौरी के रूप में मनाए जाने की पंरपरा है। हर साल इस खास मौके पर मराठा समाज की महिलाएं माता गौरी का विशेष श्रृंगार करती हैं, तो हल्दी—कुमकुम लगाकर परस्पर शुभकामनाएं भी प्रेषित करती हैं। इसके साथ ही सामुहिक तौर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
महाराष्ट्र मंडल रायगढ़ में भी मंडल की महिला सदस्यों ने आकर्षक साज—सज्जा के साथ चैत्र पूर्णिमा का पर्व मनाया। इस संबंध में महाराष्ट्र महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती विदुला तामस्कर ने बताया कि यह मराठी समाज की परंपरा और संस्कृति का अह्म हिस्सा है।
महिला मंडल की सचिव सरिता तिरोळे ने बताया कि 9 अप्रैल की शाम महाराष्ट्र महिला मंडल की सभी महिला सदस्यों ने मिलकर चैत्र गौरी का हल्दी—कुमकुम किया। इसके लिए माता गौरी का श्रृंगार किया गया, फूल मालाओं से सजावट के साथ ही रंगोली से सजाया गया था।
बताया गया कि चैत्र गौरी पर्व मनाने के लिए महाराष्ट्र महिला मंडल सदस्य प्रभा गिरोळकर, रेखा कोहले,नीलु बोंडे, मीनल देशमुरव, नेहा गुडधे,संपदा तामस्कर, मेघा शेट्टे, श्वेता ढ़ोबले सहित अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद थी। इस मौके पर माता के भजन सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया था।