बच्चों के मन की दूरी खत्म करने खोला गया हाईटेक प्ले स्कूलः मूणत
- सामाजिक संस्था महाराष्ट्र मंडल द्वारा किया जा रहा संचालन
- अब तक आसपास के 15 से अधिक बच्चों ने ले लिया प्रवेश
रायपुर। एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छोटा बच्चा जब स्कूल जाता है तो उसे पढ़ाते समय जिस ए फार एप्पल की तस्वीर दिखाई जाती है वह ब्लैक एवं वाइट होती है। वहीं प्राइवेट स्कल में पढ़ने वाला बच्चा ए फार एप्पल को उसके वास्तविक रंग से पहचानना सीखता है। बच्चों के मन में बनने वाली इस दूरी को खत्म करने के लिए इस हाईटेक प्ले स्कूल का शुभारंभ किया गया है। यह पूरी तरह से समाजसेवा है, इसलिए इसके संचालन का दायित्व महाराष्ट्र मंडल को सौंपा गया। उक्ताशय के विचार रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने टाटीबंध में प्रारंभ हाईटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल) के शाला प्रवेशोत्सव के दौरान कहीं।

विधायक मूणत ने कहा कि कोई बच्चा अगर गरीब के घऱ या झुग्गी झोपड़ी में पैदा हुआ तो उसमें उसका कोई दोष नहीं है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि उसे भी उस स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराए तो एक बड़े या संपन्न घर में पैदा होने वाले बच्चे को मिलती है। ताकि बड़े होने के साथ उसके मन में गरीब-अमीर जैसी भावना पैदा ही न हो। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि अगर आप में से कोई यहां सेवा देना चाहता है, तो महाराष्ट्र मंडल से संपर्क करें। उनका साक्षात्कार लिया जाएगा। फिर वह यहां अपने निःशुल्क सेवाएं दे सकते है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि विधायक मूणत को धन्यवाद देते हुए कहा कि महाराष्ट्र मंडल समाज सेवा के लिए लगातार कार्य करती है। 45 साल पहले हमने संत ज्ञानेश्वर विद्यालय, कामकाजी महिला वसती गृह, दिव्यांग बालिका विकास गृह का संचालन शुरू किया जो आज तक जारी है। वहीं छह माह पहले हमने सियान गुड़ी का संचालन शुरू किया है। अब विधायक जी के मार्गदर्शन में इस हाईटेक आंगनबाड़ी का संचालन करने जा रहे है।

उन्होंने विधायक को भरोसा दिलाया कि उन्होंने जिस उम्मीद के साथ हमें इस कार्य का दायित्व सौंपा है, हम इसमें खरे उतरेगें। कार्यक्रम को शहीद भगत सिंग वार्ड-21 की पार्षद गायत्री सुनील चंद्राकर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन गीता दलाल और आभार प्रदर्शन डा. शुचिता देशमुख ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महाराष्ट्र मंडल के सभासद, अभिभावक गण और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।