दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में माधव राव सप्रे जयंती समारोह 19 जून को, दो पुस्‍तकों का विमोचन भी

0- ‘अनुस्‍वार’ दिल्‍ली के संपादक डॉ. संजीव कुमार सहित हिंदी साहित्‍य में सक्रिय मराठी भाषी साहित्यकारों को किया जाएगा सम्‍मानित
0 ‘हिंदी पत्रकारिता के विकास में पंडित माधव राव सप्रे का योगदान’ विषय पर होगा व्‍याख्‍यान

रायपुर। पंडित माधवराव सप्रे जयंती समारोह पर एक दिवसीय राष्‍ट्रीय संगोष्‍ठी का आयोजन महाराष्‍ट्र मंडल में शुक्रवार, 19 जून को शाम चार बजे होगा। इस अवसर पर ‘अनुस्‍वार’ दिल्‍ली के संपादक डॉ. संजीव कुमार को छत्‍तीसगढ़ मित्र पं. माधव राव सप्रे पत्रकारिता सम्‍मान 2026 से सम्‍मानित किया जाएगा। महाराष्‍ट्र मंडल, छत्‍तीसगढ़ मित्र, छत्‍तीसगढ़ साहित्‍य एवं संस्‍कृति संस्‍थान रायपुर ने संयुक्‍त रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया है।  
 
पं. माधवराव सप्रे शोध केंद्र के सचिव डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि इस गरिमामय आयोजन में मुख्‍य अतिथि छत्‍तीसगढ़ साहित्‍य अकादमी के अध्‍यक्ष शशांक शर्मा होंगे। विशेष अतिथि छत्‍तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्‍यक्ष प्रभात मिश्र और वरिष्‍ठ साहित्‍यकार गिरीश पंकज होंगे। कार्यक्रम की अध्‍यक्षता परदेशी राम वर्मा करेंगे। इस अवसर पर शकुंतला तरार लिखित ‘हॉं मैं अबूझमाड़ हूँ’ और डॉ. सुधीर शर्मा की पुस्‍तक ‘व्‍यक्ति‍त्‍व विकास में पं. माधव राव सप्रे की भूमिका’ का विमोचन किया जाएगा।  
 
महाराष्‍ट्र मंडल साहित्‍य समिति की अध्‍यक्ष कुमुद लाड के अनुसार य.गो. जोगलेकर स्‍मृति छत्रपति शिवाजी सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी साहित्‍य की सेवा कर रहे मराठी भाषी साहित्‍यकारों डॉ. साधना राहटगांवकर भिलाई, अनिल पुसदकर रायपुर, सुश्री वरदा जोशी भिलाई, लतिका भावे रायपुर और प्रशांत कानस्‍कर भिलाई को विशेष रूप से सम्‍मानित किया जाएगा। मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले व जय जोहार साहित्‍य व संस्‍कृति संस्‍थान की अध्‍यक्ष डॉ. सीमा निगम ने राजधानी के प्रबुद्ध जनों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।