दिव्य महाराष्ट्र मंडल

हरियाली और सहेलियों की मिठास ने सावन उत्सव के उल्लास को किया दोगुना

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के महिला केंद्रों में इन दिनों सावन उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंडल के सुंदर नगर केंद्र की महिलाओं ने  25 अगस्त को समता कालोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह में सावन उत्सव धूमधाम के साथ मनाया। सबकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आनंदमय बना दिया।  

केंद्र की संयोजिका स्मिता टेंबे ने बताया कि सावन उत्सव की शुरुआत महिलाओं के शानदार आगमन के साथ हुई। महिलाओं ने हाथों में छाता लेकर रिमझिम फुहारों के बीच दिव्यांग बालिका विकास गृह यानी कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया। महिलाएं एक के पीछे एक बिल्लुक रैंपवाक करते हुए आ रही थीं। फिर महिलाओं का स्वागत हल्दी कुंकू लगाकर और वाण देकर किया गया।

केंद्र की सह संयोजिका यशस्वी दंडवते ने बताया कि महिलाओं ने रैंपवाक करते हुए सुंदर डांस प्रस्तुत किया। जिसमें सुषमा ताई को सावन क्वीन चुना गया। हाथों में छाता लेकर गाना गाने वाले गेम में प्राची शिवनकर और साक्षी जोशी विजयी रही। वहीं सोलह श्रृंगार स्पर्धा में अंकिता किरवई विजेता रहीं। सावन थीम पर छाते से की गई सजावट ने कार्यक्रम को और मनोहारी बना दिया। इस सजावट में संयोजिका स्मिता टेंबे, सहसंयोजिका यशस्वी दंडवते, सुजाता निंबालकर, हार्दिका बोबड़े और अर्चना शिवनकर ने मिलकर किया। महिलाओं ने सावन के सुंदर गीत गाए और नृत्य भी किया। सभी ने खूब धमाल मचाया और जमकर मस्ती भी की। अंत में सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लिया।