देश-विदेश से आनलाइन मोड पर 8 सितंबर को मंगळागौर का उद्यापन कर सकती हैं महिलाएं
2026-09-02 06:40 PM
24
रायपुर। जी, हां...। अगर आप भी मंगळागौर व्रत का उद्यापन कराना चाहती है लेकिन आचार्य नहीं मिलने के कारण थोड़ी परेशान है। तो महाराष्ट्र मंडल रायपुर और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र इस बार देश-विदेश में रहने वाली व्रती महिलाओं के लिए आनलाइन मोड पर मंगळागौर उद्यापन की सुविधा प्रदान कर रहा है। जिसमें आचार्यों द्वारा महिलाओं को पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कराई जाएगी। मंत्रोच्चार का उच्चारण करवाया जाएगा। और पूरी पूजा संपन्न कराई जाएगी। इधर इसी समय पर चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ भवन में मंगलवार 8 सितंबर को सुबह 10 बजे से सामूहिक मंगळागौरी व्रत का उद्यापन किया जाएगा।
महाराष्ट्र मंडळ के सचिव और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के प्रमुख आचार्य चेतन दंडवते ने बताया कि व्रत को लेकर करीब 16 महिलाओं ने अपना पंजीयन करा लिया है। दो महिलाएं विदेश से आनलाइन मोड पर निर्धारित समय पर जुड़ेगी और विधि विधान से व्रत का उद्यापन करेंगी। मंडल द्वारा आनलाइन पूजा की सुविधा का यह पहला वर्ष है।
आचार्य दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्रीयन परिवारों में महिलाएं अपने वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए इस व्रत को करती है। गौरी पूजन नाम से स्पष्ट है, माँ गौरी अर्थात् माता पार्वती के नाम से यह व्रत किया जाता है। भगवान शिव-पार्वती को श्रावण माह अति प्रिय है। इसलिए यह व्रत श्रावण माह के मंगलवार को ही किया जाता है। इसलिए इसे मंगला गौरी भी कहा जाता है।
आचार्य दंडवते ने आगे बताया कि पिछले 12 वर्षों से महाराष्ट्र संस्कार केंद्र और महाराष्ट्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। उद्यापन कार्यक्रम का यह 13वां वर्ष है। सामाजिक समरसता लाने के लिए यह सामूहिक आयोजन किया जाता है। ताकि महिलाएं एक ही छत के नीचे सभी सुविधाओं के साथ सरलता के साथ पूजन कर सके। व्रती महिलाएं उद्यापन करने के लिए महाराष्ट्र मंडल कार्यालय या 8319598505 पर संपर्क कर सकती है।