दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में पहली बार शिवाजी महाराज के साथ भारत मां की हुई आरती

 0- बड़ी संख्‍या में जुटे भक्‍तों ने गणेश वंदना के बाद की आरती में जोश के साथ किया जयघोष

 
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में शनिवार शाम को पहली बार हिंदवी स्‍वराज के संस्‍थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती के बाद भारत माता की आरती भी भरपूर जोश के साथ की गई। इस अवसर पर आयोजन के मुख्‍य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत संघचालक टोपलाल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के पुरुष प्रमुख गणेशा जाधव पाटिल ने बताया कि महाराष्‍ट्र मंडल की मुख्‍य लॉबी पर थनौद (दुर्ग जिला) से लाकर प्रतिष्ठित की गई प्रथम पूज्‍य गणेश भगवान चित्ताकर्षक गणेश प्रतिमा की आरती की गई। मंत्रोच्‍चार आदि प्रक्रियाओं के बाद तत्‍काल सभी भक्‍तों ने गणेश प्रतिमा के सामने ही भारत मां की आरती की। इससे पहले टोपलाल वर्मा, महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय काले व सचिव चेतन दंडवते शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति की महिला प्रमुख रीना बाबर सहित अनेक पदाधिकारियों ने भारत मां के तैलचित्र और शिवाजी महाराज की पूजा कर माल्‍यार्पण किया। भारत मां की आरती के बाद शिवाजी महाराज की महाआरती में भी भक्‍तों का जोश देखते ही बना। 
आरती और प्रसाद वितरण के बाद संक्षिप्‍त आयोजन में मुख्‍य अतिथि टोपलाल वर्मा ने कहा कि महाराष्‍ट्र मंडल की हर माह शिवाजी महाराज की महाआरती करने की पहल प्रशंसनीय है। अब मंडल की ओर से एक और सराहनीय कदम उठाते हुए शिवाजी महाराज के साथ भारत मां की आरती भी की जा रही है। वर्मा ने कहा कि राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ भी अपनी स्‍थापना सन् 1925 से प्रतिदिन भगवान गणेश, शिवाजी महाराज और भारत मां की आरती करता आ रहा है। यह परंपरा एक तरह से भारत मां के प्रति कृतज्ञता व्‍यक्‍त करने का अच्‍छा प्रयास भी है। इस मौके पर बड़ी संख्‍या में महाराष्‍ट्र मंडल के कार्यकारिणी सदस्‍यों, पदाधिकारियों, सभासदों के साथ आमजन भी उपस्थित रहे।