दिल हूम- हूम- करें... घबराए से शुरू हुआ संगीतमय सफर रहा यादगार
2026-09-23 07:54 PM
81
रायपुर। भूपेंद्र हजारिका के सदाबहार गीत ‘दिल हुम हुम करे, घबराए’ के साथ महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में कोराओके गीत संगीत संध्या की बेहद सटीक शुरुआत हुई। इस गाने को सीधे हुए अंदाज में गाया आनंद मोखलीवाले ने। वे आज की संगीतमय शाम के मुख्य अतिथि, मंडल के आजीवन सभासद और बिजली कंपनी के सेवानिवृत्त एक्जक्यूटिव इंजीनियर भी हैं। कुछ ही क्षणों में छत्तीसगढ़़ विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक भीमसिंह कंवर भी बतौर विशेष अतिथि कार्यक्रम में न केवल शामिल हुए, बल्कि एक शानदार फिल्मी लेकिन भक्ति गीत ‘रामजी की निकली सवारी’ प्रस्तुत कर दर्शकों को प्रभावित किया।
महराष्ट्र मंडल में आयोजित शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंडल की कराओके गायन समिति ने शानदार मराठी, हिंदी के नये- पुराने गानों की प्रस्तुति दी। गानों के शौकीन दर्शकों ने अपने दिलों में जो प्ले लिस्ट बनाकर लाई थी, तीन घंटे के कार्यक्रम में लगभग उसी लिस्ट के गाने सुनने को मिले। मोखलीवाले ने कहा कि पहले के जमाने में गायन थोड़ा सरल था, क्योंकि लय टूट जाने या आगे- पीछे होने पर संगत में बैठे कलाकारों को यह बोल दिया जाता था कि भाई थोड़ा देख लेना, लय बना रहे। लेकिन अब मोबाइल के जमाने में ऐसा नहीं है। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं दी और कहां मंडल नये फनकारों को हमेशा मंच उपलब्ध कराता है।