दिव्य महाराष्ट्र मंडल

तम्बाकू निषेध दिवस पर... महाराष्ट्र मंडल पहली बार... हिन्दी में नुक्कड़—नाटक के जरिए... चलाएगा जागरूकता अभियान

रायपुर। राजधानी रायपुर से संचालित महाराष्ट्र मंडल ऐसी सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक संस्था है, जो हर तरह की गतिविधियों में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करते हुए सामाजिक उत्थान की दिशा में प्रयत्नशील रहती है। तो समाज को अच्छे—बुरे का भान कराने के लिए शिक्षा परक गतिविधियों का भी संचालन करती है। 

इसी कड़ी में महाराष्ट्र मंडल ने इस बार 31 मई को तम्बाकू निषेध दिवस पर हिन्दी में नुक्कड़—नाटक का आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस विषय पर अधिक जानकारी देते हुए महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि यह पहली बार है, जब तम्बाकू से होने वाली हानियों को लेकर हिन्दी में नुक्कड़—नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।

मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल में 15 मई से वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल कालेले के मार्गदर्शन में तम्बाकू निषेध पर नुक्कड़ नाटक का रिहर्सल शुरु होगा, तो वहीं उन्होंने बताया कि इसमें महाराष्ट्र मंडल की जिन भी ​महिला सदस्यों को भाग लेना हो, वे वर्षा वरवंडकर और अक्षदा पंडित से संपर्क कर सकती हैं और अपना नाम शामिल करा सकती हैं। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ही नहीं अपितु देशभर में छोटी उम्र से ही तम्बाकू का सेवन शुरु हो जाता है, जिससे जीवन में कई तरह की दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उन्होने कहा कि राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों, युवाओं और यहां तक कि महिलाओं को भी तम्बाकू का सेवन करते हुए देखा जाता है। यह एक गंभीर परिणाम देने वाली आदत है, जिससे निजात दिलाने के लिए महाराष्ट्र मंडल जन जागरूकता लाना चाहता है, इसलिए इस बार हिन्दी में नुक्कड़—नाटक के जरिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।