दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडळ की पर्यावरण समिति भी लेगी एक जून को पर्यावरण संरक्षण की शपथ

रायपुर। चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ की पर्यावरण समिति पर्यावरण संरक्षण के लिए एक जून को सामूहिक शपथ लेगी। महाराष्ट्र मंडळ की पर्यावरण समिति छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा बनेगी। 
 
महाराष्ट्र मंडळ की पर्यावरण समिति के प्रमुख अभय भागवतकर ने बताय कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की ओर से एक जून को पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे वृहद शपथ ग्रहण में महाराष्ट्र मंडळ की भी भागीदारी रहेगी। पर्यावरण समिति के सदस्य समता कालोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह के उद्यान में तुलसी के पौधे की पूजा कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेंगे। इस मौके पर समिति के सदस्य हरे रंग के वेशभूषा में उपस्थित रहेंगे। शपथ कार्यक्रम सुबह 11 बजे होगा।
 
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 1 जून को एक दिन में पांच लाख लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ लेंगे। प्रदेश में मिशन लाईफ कार्यक्रम के अंतर्गत लाईफ स्टाईल फॉर इन्वायरमेंट कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। लाईफ प्लेज के अंतर्गत पूरे राज्य में एक साथ पांच लाख लोगों द्वारा प्लेज लिये जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे कि व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता लायी जा सके।