दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में नए अंदाज में मनाया जाएगा योग दिवस... तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को होगी अह्म बैठक

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 21 जून को योग दिवस अभूतपूर्व तरीके से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को शाम 5:30 बजे चौबे कॉलोनी स्थित मंडल के भवन में बैठक आहूत की गई है

योग समिति की प्रभारी आस्था अभय काले ने बताया कि इस बार महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें मंडल की महिला सदस्य नौवारी साड़ी (नौ गज की साड़ी) पहनकर योग के आसान सधे हुए अंदाज में करेंगी। वहीं पुरुष सदस्य धोती- पजामा पहनकर योग करेंगे। इसकी तैयारी के लिए मंगलवार की शाम को बैठक बुलाई गई है। इसमें मंडल की सभी समितियों के प्रभारी, सह प्रभारी, समस्त 14 महिला केंद्रों की संयोजिकाएं, सह संयोजिकाएं और महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी एवं परिषद के सदस्य उपस्थित रहेंगे और आयोजन को भव्य बनाने की दिशा में सुझा‌व देंगे व सहयोग करेंगे।
 
 

आस्था ने बताया कि योग दिवस पर कार्यक्रम को और अधिक रुचिकर बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जैसे योग आसान का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, योग करने वाले सबसे कम उम्र, सर्वाधिक बुजुर्ग, सुंदर परिधान महिला व पुरुष। आस्था ने बताया कि कार्यक्रम में मंडल के आजीवन सदस्यों के साथ उनके बच्चे और किशोर भी साथ में आकर योग कर सकते हैं। इससे वे जीवन में योग के महत्व को समझ पाएंगे।
 
मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि मंडल में योग दिवस का आयोजन शासन के प्रोटोकॉल के अनुसार ही होगा। इसमें करीब 10 आसान आसन कराए जाएंगे। इनमें मुख्यतः प्राणायाम और ध्यान होगा। 21 जून को सुबह सात से आठ बजे तक यह कार्यक्रम ऐतिहासिक हो, इसके लिए जिम्मेदारी व रूपरेखा तय करने के लिए मंडल की कार्यकारिणी, सभी समितियों, महिला केंद्रों, नाट्य मंडल के पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा।