दिव्य महाराष्ट्र मंडल

बृहन्महाराष्ट्र मंडल से सम्मानित होने महाराष्ट्र मंडल की टीम जाएगी इंदौर

रायपुर। बृहन्महाराष्ट्र मंडल के 24 फरवरी से शुरू हो रहे वार्षिक अधिवेशन में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र मंडल रायपुर की 15 सदस्यीय टीम आज इंदौर रवाना होगी। इस अधिवेशन में महाराष्ट्र मंडल को कोरोना के संक्रमण काल में व्यापक पैमाने पर की गई मानव सेवा के लिए 25 फरवरी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
 
बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी सुबोध टोले ने बताया की 24 फरवरी को इंदौर में यह कार्यक्रम बाल कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों और नृत्य से शुरू होगा। इस मौके पर कल्पना केसकर की 'मराठी अस्मिते चे स्वर नक्षत्र' कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होगा। 
 
टोले ने कहा कि अगले दिन 25 फरवरी को अधिवेशन का उद्घाटन पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा ताई महाजन, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के मराठी भाषा विभाग के मंत्री दीपक केसकर करेंगे। यह कार्यक्रम एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के सभागृह में आयोजित किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि इस मौके पर ही विशिष्ट अतिथियों के हाथों महाराष्ट्र मंडल रायपुर को सम्मानित किया जाएगा। मंच पर मंडल की ओर से यह सम्मान अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचिव चेतन दंडवते, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी प्राप्त करेंगे। दोपहर तीन बजे से संस्थागत सम्मान सोहळा और व्याख्यान होगा। इस आयोजन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सर कार्यवाह भैयाजी जोशी होंगे। 
 
टोले के अनुसार 26 फरवरी को स्वातंत्र्य वीर सावरकर आत्मार्पण दिन के अवसर पर वीर सावरकर चौक पर आदरांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बृहन्महाराष्ट्र मंडल की वार्षिक साधारण सभा सुबह 11:30 बजे बास्केटबॉल काम्प्लेक्स रेस कोर्स रोड इंदौर पर होगी। इस मौके पर परिचर्चा 'माय मराठी आणि तरुणाई' के मुख्य वक्ता संजय वच्छाव बड़ोदरा होंगे। कार्यक्रम का अंतिम सत्र महिलाओं के नाम होगा और इसमें महिलाएं 'काव्यधारा आणि मुक्त मंच' में दोपहर 3:30 बजे शामिल होंगी और अपनी लेखन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।