दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मंडल के कैलेंडर का विकास उपाध्याय ने किया विमोचन, 10 लाख देने की घोषणा

रायपुर। संसदीय सचिव एवं रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास उपाध्याय ने रविवार को अपने  साइंस कॉलेज परिसर में शासकीय आवास पर महाराष्ट्र मंडल के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर उपाध्याय ने कहा कि कैलेंडर को देखने से ही पता चलता है कि मंडल कितना सक्रिय, सेवाभावी और जीवंत संगठन है।

उन्होंने मंडल के निर्माणाधीन भवन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसे पूरा करने में मुझसे जो भी बन पड़ेगा, मैं करूंगा। फिलहाल भवन में एक लिफ्ट लगाने के लिए मैं विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा करता हूं। उपाध्याय ने कहा कि बचपन से मैं महाराष्ट्र मंडल जाता रहा हूं और मैं चाहता हूं कि इसका भव्य सर्वसुविधा युक्त भवन हर समाज के लिए उपयोगी हो और इसके माध्यम से अधिक से अधिक समाजसेवा की जा सके।

इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि उपाध्याय महाराष्ट्र मंडल की प्रगति को लेकर शुरू से ही संवेदनशील रहे हैं और यही वजह है कि विकास उपाध्याय महाराष्ट्र मंडल की सहायता करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। महाराष्ट्र मंडल का नया भवन पूर्ण होते ही समाजसेवा का दायरा और भी बढ़ाया जाएगा। नए भवन के माध्यम से फिजियोथेरेपी, पॉलीक्लिनिक, जिम, इंडोर गेम्स की गतिविधियां भी बढ़ेंगे। इससे ना केवल मराठी भाषी हर आयु वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे, बल्कि आसपास के लोगों को भी इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कैलेंडर विमोचन के अवसर पर मंडल के खूबचंद बघेल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत ठेंगड़ी, महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, नमिता शेष, रेणुका पुराणिक, प्रिया बक्षी, गौरी क्षीरसागर, हेमंत मार्डीकर, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, सह सचिव सुकृत गनोदवाले, ओपी कटारिया, मदन तोपखानेवाले, परितोष डोनगांवकर, तनिष्क, मनीष देसाई समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह जानकारी श्याम सुंदर खंगन ने दी।