शिक्षा-कैरियर-लाइफ स्टाइल

Vat Savitri Vrat 2023: शुभ संयोग के साथ इस दिन पड़ रहा वट सावित्री व्रत, जानें शुभ मुहूर्त

डेस्क। अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर सुहागिन महिलाएं 19 मई (शुक्रवार) को ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या पर वट सावित्री का व्रत करेंगी। इस दिन बरगद के वृक्ष की पूजा कर महिलाएं देवी सावित्री के त्याग, पति प्रेम एवं पति व्रत धर्म का स्मरण करती हैं। इस पेड़ में बहुत सारी शाखाएं नीचे की तरफ लटकी हुई होती हैं, जिन्हें देवी सावित्री का रूप माना गया है। इसमें ब्रह्मा, शिव, विष्णु एवं स्वयं सावित्री भी विराजमान रहती है।

अग्नि पुराण के अनुसार बरगद उत्सर्जन को दर्शाता है।  इसीलिए संतान प्राप्ति के लिए भी महिलाएं भी इस व्रत को करती हैं। अपनी विशेषताओं और लंबे जीवन के कारण इस वृक्ष को अनश्वर माना गया है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, वट सावित्री व्रत ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस बार अमावस्या तिथि 18 मई की रात 9.42 से 19 मई को रात 9.22 तक है। 19 मई को उदयातिथि पर महिलाएं व्रत करेंगी।

इस बार वट सावित्री व्रत पर ग्रहों की स्थिति भी बेहद खास रहने वाली है क्योंकि इस दिन शनि देव स्वराशि कुंभ में विराजमान रहेंगे, जिससे शश योग बन रहा है। ऐसे में शनि देव की पूजा से शुभ फल की प्राप्ति होगी। इसके साथ इस दिन चंद्रमा गुरु के साथ मेष राशि में होंगे जिससे गजकेसरी योग बन रहा है।