देश-विदेश

संसद में एक साथ नजर आएंगे गांधी परिवार के तीन सदस्य... प्रियंका ने ली शपथ

डेस्क। प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार (28 नवंबर) को संसद सत्र के तीसरे दिन वायनाड सांसद के तौर पर शपथ ली। प्रियंका गांधी पारंपरिक दक्षिण भारतीय साड़ी में शपथ ग्रहण करने पहुंची। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें संसद सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। इसके साथ ही गांधी परिवार के तीन सदस्यसोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अब एक साथ संसद में उपस्थित होंगे।  इस दौरान राजस्थान की नांदेड़ लोकसभा सीट से चुने गए रविंद्र चव्हाण ने भी शपथ ली।

प्रियंका गांधी ने हाथ में संविधान की प्रति पकड़कर सांसद पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण से पहले वह अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ संसद भवन पहुंची। मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वह इस मौके पर बेहद खुश हैं।

प्रियंका गांधी ने वायनाड उपचुनाव में 4,10,931 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। राहुल गांधी द्वारा इस सीट को छोड़ने के बाद कांग्रेस ने प्रियंका को चुनावी मैदान में उतारा था। प्रियंका गांधी के खिलाफ बीजेपी ने नव्या हरिदास को उम्मीदवार बनाया था। 52 वर्षीय प्रियंका गांधी ने सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ के सत्यन मोकेरी को 6 लाख से अधिक वोटों से हराया।

लोकसभा में कार्यवाही की शुरुआत होते ही कांग्रेस के सांसद अडाणी मुद्दे को लेकर हंगामा करने लगे। स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस सांसद शोर मचाते रहे। इस पर स्पीकर ने कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। वहीं, राज्यसभा में भी अडाणी के मुद्दे पर हंगामा हुआ।

----------