देश-विदेश

इस अदभुत नगरी में सब कुछ अलौकिक, तीन लोक से न्यारी और प्यारी, जानिए क्या बोल गए सीएम

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आज उज्जयिनी का जन्म उत्सव है। अवन्तिका नगरी तीन लोक से न्यारी और प्यारी है। उज्जयिनी नगरी अलौकिक और अदभुत नगरी है, जो अपनी संस्कृति और परम्परा को सहेजे हुए है। यहां आकर हमेशा एक अदभुत और दिव्य अनुभव होता है। उज्जैन का शुद्ध एवं सात्विक वातावरण सबका मन मोहता है। आज का दिन अदभुत है, आज गुड़ी पड़वा है। इस दिन विक्रम संवत का प्रारम्भ हुआ। सम्राट विक्रमादित्य ने उस काल में शको और हुणों को पराजित कर विजयी भारत की नींव रखी। 
 
मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को उज्जैन के गौरव दिवस तथा भारत उत्कर्ष नवजागरण और वृहत्तर भारत की सांस्कृतिक चेतना पर एकाग्र विक्रमोत्सव में शामिल हुए ‍शिप्रा तट (दत्त अखाड़ा घाट) पर आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक शान और उनके दल की भव्य संगीत निशा हुई।
 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के निर्माण से न केवल मध्यप्रदेश अपितु देश में उज्जैन का नाम गौरवांवित हुआ है। पूरे विश्व में भारत और श्रीमहाकाल लोक छाये हुए हैं। विदेशी पर्यटक भी उज्जैन आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई माह तक श्रीमहाकाल लोक का दूसरा भाग तैयार हो जायेगा। मध्यप्रदेश आगे और भी नये आयाम स्थापित करेगा। यह नया मध्यप्रदेश है। 
 
मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस पर जय श्रीमहाकाल स्तुति गीत के पूर्ण संस्करण को लांच कर बाबा महाकाल को समर्पित किया। प्रख्यात बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री कैलाश खेर, पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री सोनू निगम एवं अरिजीत सिंह ने गीत में अपनी आवाज दी है। संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और श्रीमहाकाल मंदिर न्यास द्वारा यह गीत तैयार कराया गया।
 
मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आव्हान किया कि वे उज्जयिनी को स्वच्छ एवं साफ बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। उन्होंने उज्जैनवासियों को संकल्प दिलाया कि वे इस वर्ष उज्जैन को स्वच्छता में नम्बर एक जिला बनायेंगे। उन्होंने स्वच्छ प्रतियोगिता आयोजित करने के भी निर्देश दिये। महापौर श्री मुकेश टटवाल ने कहा कि नगर निगम हर वर्ष गौरव दिवस पर सवा लाख रूपये का स्वच्छता गौरव पुरस्कार प्रदान करेगा।
----------