देश-विदेश

शहरी जलवायु फिल्म समारोह 24 मार्च से, एमएल भरतिया ऑडिटोरियम में होगा आयोजन

नईदिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में पहला शहरी जलवायु फिल्म समारोह का आयोजन 24 मार्च को किया जा रहा है। यह समारोह आवास और शहरी कार्य मंत्रालय, फ्रांसीसी विकास एजेंसी (एएफडी) और यूरोपीय संघ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। समारोह में शहरों में जीवन पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के बारे में व्यापक जागरूकता पैदा करने 9 देशों की 11 फिल्मों का एक क्यूरेटेड चयन प्रदर्शित किया जाएगा।
 

समारोह के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता जी20 शेरपा अमिताभ कांत करेंगे। इस अवसर पर भारत में फ्रांस तथा यूरोपीय संघ के राजदूत उद्घाटन भाषण देंगे। इसके अतिरिक्त पर्यावरण, वन और जलवायु मंत्रालय की अपर सचिव सुश्री ऋचा शर्मा तथा आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव कुणाल कुमार मुख्य भाषण देंगे। दिल्ली में 25 से 26 मार्च 2023 को आयोजित कार्यक्रम में भारत, फ्रांस, जर्मनी, बेल्जियम, पोलैंड और अमेरिका जैसे देशों की 11 पुरस्कार विजेता फिल्में दिखाई जायेंगी और इंटरैक्टिव सत्र होंगे। कार्यक्रम tinyurl.com/2jc873d2 पर  देखा जा सकता है।

समारोह के लिए प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया है। जिसने 12 देशों की 27 फिल्मों का चयन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सुरभि दहिया (प्रोफेसर, भारतीय जनसंचार संस्थान), डॉ. प्रणब पातर (मुख्य कार्यकारी, ग्लोबल फाउंडेशन फॉर एडवांसमेंट ऑफ एनवायरनमेंट) और सब्यसाची भारती (उप निदेशक, सीएमएस वातावरण) शामिल थे। चयनित फिल्मों को बाद के महीनों में नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता तथा अहमदाबाद में समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा।

 

----------