राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द... भारत के राजपत्र में हुआ प्रकाशन... देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन
2023-03-25 04:42 PM
275
दिल्ली। केरल से वायनाड के सांसद रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता शुक्रवार को समाप्त कर दी गई थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को ही इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी थी और आज भारत के राजपत्र में इसका प्रकाशन भी हो गया है। अब वायनाड में होने वाले उपचुनाव में राहुल गांधी दोबारा दावेदारी कर पाएंगे, इसकी संभावना लगभग समाप्त हो चुकी है, हालांकि अभी राहुल गांधी के पास अपील का विकल्प खुला हुआ है।

विदित है कि गुरुवार को सूरत जिला न्यायालय ने एक फैसला सुनाया था, जिसमें राहुल गांधी को दो साल की कैद की सजा दी गई थी। हालांकि राहुल को जेल दाखिल नहीं होना पड़ा, उन्हें तत्काल जमानत मिल गई थी। पर इसका सीधा असर राहुल गांधी की लोकसभा में सदस्यता पर पड़ा। जनप्रतिनिधि अधिनियम 1951 के तहत, लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी को आपराधिक प्रकरण में दो साल की सजा होने की वजह से अयोग्य करार देते हुए उनकी सदस्यता को समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी।
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद से देशभर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों में कांग्रेस एक तरफ जहां मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, वहीं भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को टारगेट भी कर रही है, जिसकी वजह से दोनों ही दलों में झड़प भी हो रहे हैं, तो पुलिस से भी दो-चार होना पड़ रहा है।